जसरोटा में 26 लाख की लागत से 14 विकास कार्यों का शिलान्यास, जसरोटिया बोले हर गांव हर घर तक पहुंचेगा विकास
कठुआ, 30 अगस्त (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में विकास को गति देते हुए भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने पंचायत किशनपुर कंडी व आसपास के क्षेत्रों में करीब 26 लाख रुपये की लागत से 14 विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें 12 कार्य पंचायत किशनपुर कंडी में गलियों, नालियों तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से संबंधित हैं। इसके अलावा पंचायत पल्ली के गांव क्राखड़ में डीप बोरवेल तथा बरवाल में 5 लाख रुपये की लागत से एक अन्य डीप बोरवेल का कार्य भी शुरू किया गया।
इस अवसर पर राजीव जसरोटिया ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सड़क, उचित जल निकासी, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। विधायक ने संबंधित विभागों को विकास कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का पूरा पालन करने तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, नालियों, पेयजल, बिजली सहित विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जसरोटिया ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों से सीधा संवाद विकास की वास्तविक जरूरतों को समझने का प्रभावी माध्यम है। भाजपा का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जसरोता क्षेत्र को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित एवं विकसित बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया