शिवकेरी मंदिर मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास, 3.38 करोड़ रुपये की लागत से होगा सड़क निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क पर जोर
जम्मू, 22 अगस्त (हि.स.)। अखनूर विधानसभा क्षेत्र के सुंगल में शनिवार को शिवकेरी मंदिर की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक मोहन लाल भगत ने किया। करीब 3 करोड़ 38 लाख 48 हजार रुपये की लागत से शुरू होने वाला यह कार्य प्रस्तावित बड़े सड़क प्रोजेक्ट का पहला चरण है। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव शर्मा, सहायक कार्यकारी अभियंता सुनील बोगिया, अभियंता गगन, पूर्व सरपंच अश्वनी शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुंगल शमशेर दास, मंडल अध्यक्ष अखनूर दीपेश सिंह, मंडल अध्यक्ष परगवाल गौरव मन्हास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व सरपंच अश्वनी शर्मा ने कहा कि विधायक ने शिवकेरी स्थित आपशंभू महादेव मंदिर के दौरे के दौरान सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। करीब एक वर्ष के भीतर परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब इसके पहले चरण का काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि शिवकेरी जम्मू संभाग के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। परियोजना के तहत धाम तक सड़क के अलावा आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले लिंक मार्गों का भी निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि विधायक के कार्यकाल में सुंगल क्षेत्र में कई विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। सरकारी हाई स्कूल सुंगल के लिए करीब 78 लाख रुपये, क्रिकेट टॉप बॉक्स के लिए 8 लाख रुपये तथा लाइब्रेरी के लिए विधायक सीडीएफ से 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में कई सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र के सभी हिस्सों का समान विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा और खेल सुविधाएं विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुंगल क्षेत्र की बिजली समस्या उनके संज्ञान में है और इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है। विधायक ने नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने मुफ्त बिजली का वादा किया था लेकिन लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही और बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली ढांचे में जल्द सुधार नहीं हुआ तो लोगों के साथ मिलकर आंदोलन किया जा सकता है।
भगत ने कहा कि सुंगल के सुमाह देव स्थान और शिवकेरी मंदिर महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल हैं। इन दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं के साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा