डीडीसी की पूर्व अध्यक्ष सफ़ीना बेग एनसी में शामिल

 

श्रीनगर, 08 जुलाई (हि.स.)।

एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में बारामूला जिला विकास परिषद (डीडीसी) की पूर्व अध्यक्ष सफ़ीना बेग बुधवार को श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में शामिल हो गईं। वरिष्ठ राजनेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन बेग की पत्नी सफ़ीना बेग ने एनसी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, ग्रामीण विकास मंत्री जावेद अहमद डार, वरिष्ठ नेता अली मोहम्मद सागर, चौधरी मोहम्मद रमजान और कई अन्य पार्टी नेताओं की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पार्टी में प्रवेश किया। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी थे।

राजनीतिक विश्लेषक सफ़ीना बेग के नेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने को बारामूला जिले में पार्टी के लिए एक बड़ी संगठनात्मक उपलब्धि के रूप में देखते हैं जहां एनसी ने 2024 के चुनावों में सात में से छह विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के संस्थापक सदस्य मुजफ्फर हुसैन बेग ने गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व वाली पीडीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने 2002 और 2008 में चुनाव जीतकर बारामूला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और बाद में 2014 के लोकसभा चुनावों में बारामूला संसदीय क्षेत्र से विजयी हुए। आने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों से पहले सफ़ीना बेग की नियुक्ति से उत्तरी कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस की उपस्थिति और राजनीतिक पहुंच को और मज़बूती मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता