वन उपज की अवैध ढुलाई पर वन विभाग सख्त, आठ वाहन पकड़े

 


कठुआ, 28 सितंबर (हि.स.)। वन उपज की अवैध कटाई, आवाजाही और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कठुआ वन मंडल ने गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। पिछले दो सप्ताह के दौरान वन विभाग की टीमों ने अवैध रूप से वन उपज ले जाने के आरोप में आठ वाहनों को पकड़कर जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित वन कानूनों और नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वन विभाग ने कठुआ पुलिस और वन सुरक्षा बल के साथ समन्वय मजबूत करते हुए संवेदनशील मार्गों और वन क्षेत्रों में संयुक्त निगरानी, सूचना साझा करने तथा जांच को तेज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध कटाई और वन उपज के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध कटाई या वन उपज की अवैध ढुलाई से संबंधित जानकारी निकटतम वन अधिकारियों को देकर कार्रवाई में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया