वन उपज की अवैध ढुलाई पर वन विभाग का शिकंजा, कठुआ में तीन वाहन जब्त
कठुआ, 19 अगस्त (हि.स.)। कठुआ वन मंडल ने वन उपज की अवैध तस्करी और परिवहन के खिलाफ जारी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को जब्त किया है। विभागीय टीमों ने हटली मोड़ कठुआ में दो वाहनों तथा लखनपुर टोल पोस्ट पर एक ट्रक को अवैध रूप से वन उपज के परिवहन के आरोप में कब्जे में लिया।
वन विभाग के अनुसार हटली मोड़ पर बीती रात वाहन संख्या जेके02सीजी-8757 और जेके08आर-9695 को जब्त किया गया। इसके बाद एक अन्य ट्रक संख्या जेके02बीएफ-3505 को लखनपुर टोल पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया। विभाग ने बताया कि वन उपज के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले 31 जुलाई 2026 को भी कठुआ वन मंडल की टीम ने बरनोटी क्षेत्र में तीन ट्रकों को वन उपज के परिवहन से संबंधित नियमों के उल्लंघन के चलते जब्त किया था। यह कार्रवाई मुख्यालय कठुआ के रेंज अधिकारी कठुआ और रेंज अधिकारी एपीसीपी लखनपुर की टीमों द्वारा कठुआ की डीएफओ झांसी एन. आईएफएस के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। वन विभाग ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धाराओं 26, 41, 42 और 69 तथा एसओ 81 ऑफ 2020 के प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। मामलों की आगे की जांच जारी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन उपज की अवैध तस्करी, अनधिकृत परिवहन और व्यापार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया