हीरानगर में वन विभाग की कार्रवाई, खैर की लकड़ी के 29 लट्ठे जब्त

 


हीरानगर, 10 सितंबर (हि.स.)। कठुआ वन मंडल ने देर रात तस्करी विरोधी अभियान के दौरान हिरानगर के तरनाह ब्लॉक स्थित छन्न चकरी क्लोजर से खैर की लकड़ी के 29 लट्ठे बरामद किए। इनकी मात्रा 0.93689 घन मीटर बताई गई है।

वन विभाग की टीम को खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली थी। टीम ने तड़के करीब 3 बजे तरनाह नदी के पास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खैर की लकड़ी ले जा रहे दो वाहनों में सवार संदिग्धों ने कथित तौर पर वन कर्मियों पर 10 से 15 राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से करीब एक किलोमीटर दूर दोनों वाहनों मारुति ओमनी जेके21-3515 और मारुति वैगनआर जेके02एबी-0321 को कब्जे में ले लिया। वन विभाग, वन सुरक्षा बल और पुलिस की संयुक्त तलाशी में तरनाह नदी के तल व आसपास से 29 खैर के लट्ठे बरामद हुए। जब्त लकड़ी को हरिया चक नर्सरी में सुरक्षित रखा गया है। मामले में एफओआर नंबर 02 ऑफ 2026-27 आरओएस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और फायरिंग, अवैध कटाई व खैर की लकड़ी की तस्करी के प्रयास की जांच कर रही है। वहीं भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52 के तहत जब्ती की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया