श्रीनगर में पहली बार लगेगा एशियन गेम्स से पहले भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर

 

जम्मू, 01 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के खेल इतिहास में पहली बार भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर श्रीनगर में आयोजित किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन, एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएसटीएफआई) के तत्वावधान तथा जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से 20वें एशियाई खेल, जापान-2026 की तैयारियों के लिए यह राष्ट्रीय कोचिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है। शिविर 10 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक श्रीनगर के गिंदुन स्पोर्ट्स स्टेडियम, राजबाग में चलेगा।

यह राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर जम्मू-कश्मीर की खेल अधोसंरचना और प्रशासनिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी मान्यता माना जा रहा है। पहली बार एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम का राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण शिविर केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आयोजित होगा जो क्षेत्र के विकसित होते खेल वातावरण पर राष्ट्रीय खेल संस्थाओं और भारत सरकार के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने शिविर के सफल आयोजन के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और सभी आवश्य क व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। काउंसिल का कहना है कि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

सॉफ्ट टेनिस भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त खेल है। यह स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज से भी मान्यता प्राप्त है। इसके अलावा यह एशियन सॉफ्ट टेनिस फेडरेशन और इंटरनेशनल सॉफ्ट टेनिस फेडरेशन से संबद्ध है तथा राष्ट्रीय खेलों और एशियाई खेलों का भी हिस्सा है। जम्मू-कश्मीर में इस खेल ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। जम्मू-कश्मीर एमेच्योर सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन के नेतृत्व में प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 5 स्वर्ण, 13 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई है। एसोसिएशन की 18 जिला इकाइयां पूरे जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हैं और अब तक विभिन्न वर्गों की पांच राष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का सफल आयोजन भी किया जा चुका है। चालू वर्ष में भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी की तैयारी की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एशियाई खेलों से पहले भारतीय सॉफ्ट टेनिस टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी करना जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि पूरे देश के लिए यह संदेश है कि जम्मू-कश्मीर अब राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के स्थानीय खिलाड़ियों को देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों और शीर्ष राष्ट्रीय प्रशिक्षकों के साथ अभ्यास करने तथा अपने प्रदर्शन को उच्चतम स्तर पर परखने का अमूल्य अवसर मिलेगा। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रदेश के खेल प्रेमियों, युवाओं और नागरिकों से इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत करने तथा शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा