सांबा में तेज हवाओं और भीषण तूफान के बाद बीएसएनएल का एक मोबाइल टावर घर पर गिरा, परिवार बाल-बाल बचा
जम्मू, 11 मई (हि.स.)। जम्मू संभाग के सांबा जिले में तेज हवाओं और भीषण तूफान के बाद भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का एक मोबाइल टावर घर पर गिर गया जिससे एक परिवार बाल-बाल बच गया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को पांगदौर गांव में घटी जब तेज हवाओं के साथ भारी बिजली और बारिश ने इलाके को बुरी तरह प्रभावित किया जिससे व्यापक नुकसान हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि बीएसएनएल का टावर बनारसी दास के घर पर गिर गया जिससे उनके घर को भारी नुकसान पहुंचा। घर के दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए जबकि पास के टिन के शेड और सोलर पैनल भी टूट गए।
एक अधिकारी ने बताया कि आधी रात को तेज हवाओं के साथ एक शक्तिशाली तूफान आया। मोबाइल टावर पूरी तरह से उनके घर पर गिर गया जिससे दो कमरों को नुकसान पहुंचा। इस भयावह घटना को याद करते हुए बनारसी दास ने बताया कि वह आधी रात करीब 12:30 बजे जाग रहे थे जब उन्होंने तेज बिजली और बारिश के बीच एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। उन्होंने कहा कि आवाज इतनी तेज थी कि पहले तो हमें समझ ही नहीं आया कि क्या गिरा है। मैंने तुरंत बच्चों को अंदर रहने और बाहर न आने को कहा।बदास ने बताया कि बारिश थोड़ी कम होने के बाद जब परिवार बाहर आया तो देखा कि टावर उनके घर पर गिर गया है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, हालांकि बगल के शेड सुरक्षित रहे। शुक्र है कि उस समय कमरों में कोई नहीं था, वरना यह एक बड़ी त्रासदी में बदल सकता था।
दास ने बताया कि इस इलाके में पहले कभी ऐसा तूफान और बिजली नहीं देखी गई थी और घटना के बाद करीब 11 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त घर के पुनर्निर्माण में सहायता की अपील की। परिवार के अनुसार यह टावर बीएसएनएल का था और इसे 2012 में लगाया गया था। घटना के बाद बीएसएनएल के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि घर और दूरसंचार ढांचे को भारी नुकसान होने के बावजूद किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। परिवार ने कहा कि वे सौभाग्यशाली थे कि टावर घर के उस हिस्से पर नहीं गिरा जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे, अन्यथा एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता