जम्मू में सिविल डिफेंस का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, 150 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। सिविल डिफेंस जम्मू द्वारा पद्मश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-2, जम्मू कैंट में आयोजित पांच दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 21 जुलाई से उप पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी उप नियंत्रक सिविल डिफेंस जम्मू तजिंदर कौर की देखरेख में शुरू हुआ था। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, आग की रोकथाम एवं नियंत्रण, सांप के काटने, गले में वस्तु फंसने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के उपायों के साथ प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर सिविल डिफेंस आरसीडीसीसी जम्मू की विशेषज्ञ टीम ने प्राथमिक उपचार, अग्निशमन तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आपातकालीन बचाव के तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। मुख्य वार्डन परमजीत कुमार और उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने आपदा प्रबंधन विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जागरूकता और तत्परता के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार यादव और प्रधानाचार्या निर्मल कौर बाली ने विद्यार्थियों से सिविल डिफेंस जैसी प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने सिविल डिफेंस संगठन का विद्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा