फायर एनओसी के लिए 40 हजार की रिश्वत मांगी, 15 हजार लेते सीबीआई के हत्थे चढ़ा फायरमैन
जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज उधमपुर के सहायक निदेशक कार्यालय में तैनात एक फायरमैन को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीबीआई के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी फायरमैन ने कटड़ा स्थित उसके होटल के लिए फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज का एनओसी जारी करने और प्रक्रिया पूरी करने के एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद आरोपी 15 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 6 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया