दुकान में लगी आग, स्टॉक और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान
श्रीनगर, 25 जून (हि.स.)।
गुरुवार तड़के कुलगाम जिले के चावलगाम इलाके में शीतल पेय और किराना सामान बेचने वाली एक थोक दुकान में आग लग गई जिससे स्टॉक और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार आग लगभग सुबह 3 बजे लगी जिसके बाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। दमकलकर्मियों ने स्थानीय निवासियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया और आग को आसपास की दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोकने में सफल रहे।
दुकान के मालिक जनन अहमद बेग ने बताया कि यह प्रतिष्ठान शीतल पेय और किराना सामान का थोक वितरक था। उन्होंने दावा किया कि आग से लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है क्योंकि बड़ी मात्रा में सामान नष्ट हो गया। अधिकारियों ने बताया कि अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया है, हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
इस घटना में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारण की जांच शुरु कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता