बेमिना में जेवीसी अस्पताल की ओपीडी इमारत के कमरों में लगी आग, संकाय कक्ष और संपत्ति को नुकसान
श्रीनगर, 29 नवंबर (हि.स.)। श्रीनगर के बेमिना में जेवीसी अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की इमारत के कई कमरों में शनिवार को सुबह आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 6ः10 बजे लगी आग से ओपीडी ब्लॉक के पहले फ्लोर पर कई संकाय कक्ष और संपत्ति को नुकसान हुआ जिसके बाद अस्पताल स्टाफ की मदद से अग्निशमन और आपातकालीन सेवा ने आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि आग सिर्फ़ चार फ़ैकल्टी रूम तक ही सीमित थी और समय पर मदद मिलने से आग आसपास की फ़ैसिलिटी और दूसरी मंज़िलों तक नहीं फैल पाई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जेवीसी अस्पताल को एसकेआईएमएस मेडिकल कॉलेज, बेमिना के नाम से भी जाना जाता है और श्रीनगर के बड़े स्वास्थ्य सेवा संस्थान में से एक है जहां रोज़ाना हज़ारों मरीज़ इलाज कराने पहुंचते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह