कठुआ में लगातार दूसरे दिन पेपर मिल में आग, इकाई में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
कठुआ, 26 फरवरी (हि.स.)। कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन पेपर मिल में आग लगने की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बुधवार को अमन पेपर मिल में आग लगने के बाद गुरुवार को जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप मगर खड्ड के पास स्थित कोमल पेपर मिल में भी संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। लगातार दो दिनों में दो पेपर मिलों में आग की घटनाओं ने औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था और कारणों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कोमल पेपर मिल परिसर में बड़ी मात्रा में पराली को स्टोर किया गया था, जिसका उपयोग ईंधन के रूप में किया जाता है। इसी दौरान अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही इकाई प्रबंधन ने दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले बुधवार को भी अमन पेपर मिल में इसी प्रकार गन्ने के वेस्ट में आग लगने से नुकसान हुआ था। लगातार दो दिनों में समान परिस्थितियों में आग लगने की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे औद्योगिक इकाइयों की लापरवाही मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे इंश्योरेंस क्लेम से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। दमकल विभाग के कर्मियों ने बताया कि कोमल पेपर मिल में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण उपलब्ध नहीं थे, जबकि इस प्रकार की औद्योगिक इकाइयों में अग्निशमन यंत्र लगाना अनिवार्य होता है। उन्होंने कहा कि अधिकांश इकाइयों में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने के कारण नुकसान ज्यादा होता है, क्योंकि दमकल विभाग को स्टेशन से मौके तक पहुंचने में करीब 15 मिनट का समय लग जाता है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया