सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में तत्कालीन नायब तहसीलदार, पटवारी समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज

 




जम्मू, 06 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जम्मू के गांव गुरहा ब्राह्मणा में सरकारी जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा करवाने के मामले में तत्कालीन नायब तहसीलदार, पटवारी और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता सोहन सिंह ने आरोप लगाया था कि उसने 17 जनवरी 2005 को खसरा नंबर 65-मिन की एक कनाल जमीन रजिस्टर्ड सेल डीड के माध्यम से खरीदी थी, जिसकी इंतकाल संख्या 2229 भी 18 फरवरी 2005 को दर्ज हुई थी। हालांकि जांच में सामने आया कि उसे कब्जा खसरा नंबर 65-मिन के बजाय खसरा नंबर 96 की जमीन पर दिया गया, जो सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। सत्यापन में तत्कालीन पटवारी बाबू राम और नायब तहसीलदार राम लाल शर्मा पर निजी व्यक्तियों चमन लाल और राम चंद के साथ कथित मिलीभगत कर बिना प्रमाणित राजस्व रिकॉर्ड की उचित जांच किए दस्तावेज तैयार करवाने और जारी करने का आरोप सामने आया। तहसीलदार जम्मू नॉर्थ की 10 जुलाई 2026 की रिपोर्ट में भी शिकायतकर्ता का कब्जा सरकारी भूमि खसरा नंबर 96 पर होने की पुष्टि हुई। एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 5(1)(क) 5(2) तथा आरपीसी की धारा 120-बी, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया