रक्षाबंधन को लेकर जम्मू शहर के बाजारों में बढ़ी रौनक

 

जम्मू, 27 अगस्त (हि.स.)। पूरे भारतवर्ष की तरह ही रक्षाबंधन पर्व को लेकर जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। त्योहार से एक दिन पहले बहनों और परिवारों की खरीदारी के लिए बाजार रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और उपहारों से सजे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में राखी की दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल देखने को मिल रही है।

दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को देखते हुए विभिन्न डिजाइनों और आकर्षक रंगों वाली राखियां सजाई हैं। इस बार पारंपरिक धागे वाली राखियों के साथ मोती, रुद्राक्ष और अन्य सजावटी डिजाइन वाली राखियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

राखी के साथ मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखी के साथ मिठाई और उपहार खरीदने में जुटी हैं। व्यापारियों को रक्षाबंधन के चलते कारोबार में तेजी की उम्मीद है।

रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं जबकि भाई बहनों को उपहार देते हुए उनके साथ हमेशा खड़े रहने का संकल्प लेते हैं।

त्योहार को देखते हुए जम्मू कश्मीर के बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के स्तर पर पूरी तैयारियां की गई हैं क्योंकि पर्व के दौरान बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता