सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय बालिका हाई स्कूल, रायपुर सतवारी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा महाजन, जिला प्रभारी प्रद्युम्न सिंह और जिला अध्यक्ष नरेश सिंह जसरोतिया ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला और वाद-विवाद में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंगोली और चित्रों के माध्यम से छात्राओं ने सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए जबकि वाद-विवाद प्रतियोगिता में उन्होंने विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे।
सत शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा की भावना को कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी के जीवन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और विचार व्यक्त करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाती हैं। रेखा महाजन ने कहा कि रंगोली और चित्रकला भारतीय संस्कृति एवं रचनात्मक परंपरा का हिस्सा हैं जबकि वाद-विवाद से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और संवाद कौशल विकसित होता है। जिला अध्यक्ष नरेश सिंह जसरोतिया ने छात्राओं की भागीदारी की सराहना करते हुए स्कूल प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा