एचएडीपी इकाइयों के निरीक्षण में तेजी लाएं-डीसी कठुआ का निर्देश
कठुआ, 29 जुलाई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत स्थापित इकाइयों के ब्लॉकवार भौतिक निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रत्येक ब्लॉक में किए गए निरीक्षण की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एचएडीपी इकाइयों की गुणवत्ता, कार्यक्षमता और निर्धारित मानकों के अनुरूपता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक निरीक्षण योजना लागू की गई है। उपायुक्त ने बिना निरीक्षण वाली इकाइयों पर गंभीर चिंता जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 7 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत निरीक्षण पूरा कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में आईएएस प्रोबेशनर निधि, सीपीओ रणजीत ठाकुर, सीएएचओ डॉ. युगल किशोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया