ईपीएफओ ने औद्योगिक इकाइयों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अधिकाधिक जुड़ने का दिया आह्वान

 


जम्मू, 27 फ़रवरी (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम ‘निधि आपके निकट 2.0’ की तीसरी वर्षगांठ सांबा स्थित गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड के परिसर में आयोजित की। इस अवसर पर सांबा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के साथ एक बैठक भी हुई जिसका उद्देश्य हितधारकों में जागरूकता बढ़ाना और जमीनी स्तर पर सेवा वितरण को सुदृढ़ बनाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 सुमीत सिंह ने प्रवर्तन अधिकारियों की टीम के साथ की। उन्होंने नियोक्ताओं और कर्मचारियों के साथ सक्रिय संवाद की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक सुरक्षा ढांचे में पारदर्शिता, अनुपालन और विश्वास को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को केंद्र सरकार की प्रमुख पहलों की जानकारी दी गई। बताया गया कि ‘कर्मचारी नामांकन योजना 2025’ (1 नवंबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रभावी) के माध्यम से प्रतिष्ठानों को पात्र कर्मचारियों का पंजीकरण और लंबित अभिलेखों का सरलीकृत नियमितीकरण करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आगामी चार श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई, जो श्रम कानूनों के आधुनिकीकरण, सुरक्षित कार्यस्थल, निष्पक्ष वेतन और व्यापक सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

विशेष रूप से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) पर विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि जम्मू संभाग में 2,000 से अधिक प्रतिष्ठान और 28,500 से अधिक कर्मचारी इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत हो चुके हैं जो औपचारिक रोजगार सृजन में सकारात्मक प्रगति का संकेत है। बैठक में सांबा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और ईपीएफओ ने जम्मू संभाग में प्रभावी एवं सुलभ सामाजिक सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा