ईओडब्लू कश्मीर ने नकली कुकिंग ऑयल कंपनी के फ्रॉड मामले में चार आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
श्रीनगर, 30 जुलाई (हि.स.)।
क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने गुरुवार को चार लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने एक नकली कुकिंग ऑयल कंपनी के प्रतिनिधि बनकर श्रीनगर के एक निवासी को सरसों का तेल सप्लाई करने का वादा किया और उससे 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
एक बयान में एजेंसी के प्रवक्ता ने वीरवार को बताया कि जम्मू कश्मीर क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग कश्मीर ने धोखाधड़ी के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 77/2022 (ईपीसी की धारा 420 और 120-बी के तहत) श्रीनगर के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।
उन्होंने बताया कि आरोपितों में मोहम्मद अमीन भट पुत्र मोहम्मद अफज़ल भट निवासी खानयार श्रीनगर, खालिद हुसैन खान पुत्र गुलाम हसन खान निवासी गसियार हवाल श्रीनगर, अनिल कुमार माहेश्वरी पुत्र गणपत लाल निवासी ए-38, सतिया नगर, वार्ड नंबर 09, झोटवाड़ा, जयपुर, राजस्थान और शशांक कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी बी-50, उदय सिटी, पल्लापुरम-2, मोदीपुरम, मेरठ, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला एक शिकायत से शुरू हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि खानयार श्रीनगर के मोहम्मद अमीन भट ने एमएस एश्योर्ड एग्रो फूड इंडस्ट्रीज के एरिया सेल्स मैनेजर खालिद हुसैन खान और रीजनल सेल्स मैनेजर अनिल कुमार माहेश्वरी के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को कुकिंग ऑयल की सप्लाई के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर 15 लाख रुपये निवेश करने के लिए राजी किया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने दावा किया था कि कंपनी कुकिंग ऑयल बनाती है और एक हफ्ते के भीतर स्टॉक की डिलीवरी का भरोसा दिलाया था। हालांकि कोई स्टॉक सप्लाई नहीं किया गया। इसके बाद जांच शुरू की गई जिसमें यह बात सामने आई कि आरोपियों ने साजिश रचकर सरसों का तेल सप्लाई करने के बहाने शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की। बयान में कहा गया है कि राजस्थान के रजिस्ट्रार ऑफ़ कंपनीज़ से पूछताछ करने पर पता चला कि एमएस एश्योर्ड एग्रो फ़ूड इंडस्ट्रीज़ नाम की कोई कंपनी रजिस्टर्ड नहीं थी। जांच में मेरठ उत्तर प्रदेश के शशांक कुमार का नाम भी सामने आया जो इस कंपनी का कथित मालिक बताया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम अदालत में चार्जशीट पेश की गई।
प्रवक्ता ने कहा कि क्राइम ब्रांच ने लोगों को सलाह दी है कि वे इस तरह की आर्थिक धोखाधड़ी से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना ईओडब्लू कश्मीर को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह