टोल देकर जम्मू-कश्मीर में प्रवेश, आगे 20 किलोमीटर तक गड्ढों से स्वागत, हटली मोड़ पर डेढ साल से अधूरा काम
कठुआ, 31 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले लखनपुर से प्रदेश में प्रवेश करने वाले यात्रियों को टोल देने के बाद भी बेहतर सड़क की सुविधा नहीं मिल पा रही है। लखनपुर से कठुआ की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब 20 किलोमीटर के हिस्से में जगह-जगह सड़क की हालत बेहद खराब है। बड़े-बड़े गड्ढों, अधूरे निर्माण कार्य और धीमी गति से चल रहे सिक्स लेन विस्तार के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि जब राष्ट्रीय राजमार्गों की तुलना अमेरिका की सड़कों से करने और आधुनिक तकनीक व स्पेस टेक्नोलॉजी की बातें की जाती हैं तो जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार पर टोल देने के बाद यात्रियों को गड्ढों से भरी सड़क क्यों मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लखनपुर में टोल देकर जब वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आगे बढ़ते हैं तो कुछ ही दूरी के बाद सड़क की बदहाली सामने आ जाती है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन खराब हो रहे हैं और कई बार बड़े मालवाहक वाहनों के खराब होने से लंबा जाम लग जाता है। बरसात के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है।
कठुआ शहर के हटली मोड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति विशेष रूप से खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पिछले करीब डेढ़ वर्ष से निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। फिलहाल निर्माण कार्य भी बंद पड़ा है। काम की धीमी गति के कारण रोजाना यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसी तरह कठुआ के कालीबाड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर का काम भी रुका हुआ है। बरनोटी के आसपास भी राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत कई स्थानों पर खस्ताहाल बनी हुई है। सिक्स लेन विस्तार के नाम पर कई जगहों पर काम चल रहा है जबकि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य बंद पड़ा है।
लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से टोल वसूला जा रहा है लेकिन बदले में उन्हें सुगम और सुरक्षित सफर तक नहीं मिल पा रहा। जब सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो और निर्माण कार्य अधूरे पड़े हों तो टोल वसूली को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय युवाओं और लोगों ने एनएचएआई तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग की है कि लखनपुर से कठुआ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के सिक्स लेन विस्तार का काम युद्धस्तर पर पूरा करवाया जाए। जिन स्थानों पर निर्माण कार्य बंद पड़ा है वहां काम रुकने के कारणों की जांच कर उसे तत्काल शुरू करवाया जाए। लोगों ने कहा कि जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता और यात्रियों को बेहतर सड़क उपलब्ध नहीं करवाई जाती तब तक संबंधित टोल वसूली पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार पर खराब सड़कें प्रदेश की छवि को भी प्रभावित कर रही हैं और बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया