जीएमसी कठुआ में प्रदर्शन कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को इंजीनियर संदीप मजोत्रा ने दिया समर्थन

 


कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। जीएमसी कठुआ में अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को पूर्व डीडीसी नगरी इंजीनियर संदीप मजोत्रा ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को जायज बताते हुए उनके संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान मजोत्रा ने कहा कि वह कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे ताकि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर उचित कार्रवाई हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

गौरतलब है कि इंजीनियर संदीप मजोत्रा ऑल जेएंडके महाशा सदर सभा के चुनाव बोर्ड के अध्यक्ष, गुरु नाभा दास जी वेलफेयर ट्रस्ट कठुआ के अध्यक्ष, नेशनल जिला पंचायत एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा जेके ब्लड डोनर्स एंड वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उनके समर्थन और आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया