जम्मू में ‘विरोध सप्ताह’ के तहत कर्मचारियों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन
जम्मू,, 09 अप्रैल (हि.स.)।
जम्मू रेलवे स्टेशन पर एसएस कार्यालय के सामने ‘विरोध सप्ताह’ (6 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026) के तहत एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संगठन के प्रमुख पदाधिकारीकृडिवीजनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी जी.एल. शर्मा, युवा विंग अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, सहायक सचिव नरेंद्र, समिति सलाहकार संजय कौल, कंस्ट्रक्शन ब्रांच सचिव जगदीश राज भगत, वरिष्ठ साथी रणजीत, युवा ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी राघवेंद्र तथा युवा विंग के सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगें उठाईं, जिनमें पुरानी पेंशन योजना की बहाली, एनपीएस, यूपीएस प्रणाली को समाप्त करना, अनुबंध आधारित कामकाज की व्यवस्था खत्म करना, आगामी वेतन आयोग में न्यूनतम और अधिकतम वेतन के बीच अंतर कम करना, रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत और नए आवास उपलब्ध कराना, ‘ऑन-रिक्वेस्ट’ ट्रांसफर की समस्याओं का समाधान, ‘कैडर क्लोज’ मुद्दे का शीघ्र निपटारा तथा कर्मचारियों को 1 या 2 अतिरिक्त वेतन वृद्धि देना शामिल रहा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से इन मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अंत में सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता