आरक्षित वर्ग कर्मचारियों ने व्यापक ट्रांसफर नीति और पदोन्नति में आरक्षण की मांग उठाई

 


जम्मू, 03 सितंबर (हि.स.)। कश्मीर संभाग में कार्यरत जम्मू आधारित आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों के संगठन ऑल जम्मू बेस्ड रिजर्व्ड कैटेगरी एम्प्लाइज एसोसिएशन कश्मीर ने सरकार से लंबे समय से लंबित दो प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विपेन कुमार ने जम्मू आधारित आरक्षित वर्ग कर्मचारियों के लिए व्यापक ट्रांसफर नीति लागू करने और पदोन्नति में आरक्षण का प्रावधान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। विपेन कुमार ने कहा कि ये केवल प्रशासनिक मुद्दे नहीं हैं बल्कि लंबे समय से अपने गृह जिलों से दूर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के करियर, सम्मान और कल्याण से जुड़े विषय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले दिए गए आश्वासनों को ठोस नीतिगत फैसलों और सरकारी आदेशों में बदलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि संबंधित वर्गों के निर्वाचित प्रतिनिधि पहले ही मुख्यमंत्री के समक्ष इन मुद्दों को उठा चुके हैं। कुमार ने कहा कि कर्मचारी अब तक संवाद और संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी मांगें उठाते रहे हैं लेकिन लगातार हो रही देरी को अनिश्चितकाल तक स्वीकार नहीं किया जा सकता। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी लेकिन दोनों मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को तेज किया जा सकता है। उन्होंने सरकार से विधानसभा में किए गए आश्वासनों को धरातल पर उतारते हुए दोनों मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा