भाजपा की संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर के महामंत्री बलदेव सिंह बिलावरिया ने कठुआ जिले के कूटा मंडल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता हैं और मजबूत बूथ ही पार्टी की निरंतर सफलता तथा जनता के विश्वास का आधार हैं। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, हीरानगर के विधायक विजय शर्मा, मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा की गई।
बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसे सेवा भाव तथा अनुशासन के साथ जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने बताया कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी मंडलों में चरणबद्ध तरीके से ऐसी बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि संगठन की नीति, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों को पहुंचाएं। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर विधायक विजय शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। वहीं जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा ने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों और अभियानों में पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा