कठुआ की धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर, विधायक ने उठाया विकास का मुद्दा
कठुआ, 06 अगस्त (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने जम्मू-कश्मीर में ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण व विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने श्रीनगर में अभिलेखागार पुरातत्व और संग्रहालय विभाग के निदेशक केके सिधा से मुलाकात कर विशेष रूप से कठुआ जिले के प्रमुख मंदिरों व प्राचीन स्थलों के संरक्षण पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान विधायक ने ऐतिहासिक एयरवां मंदिर और नगरी परोल स्थित माता श्री बाला सुंदरी मंदिर के वैज्ञानिक संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अलावा उन्होंने माता आशा पूर्णी, श्री रघुनाथ जी मंदिर कठुआ, बसोहली की चंचलो देवी, बिलावर का प्राचीन शिव मंदिर, सुकराला देवी मंदिर सहित बनी-सार्थल क्षेत्र के जोड़ियां वाली, दौलय वाली माता, शक्ति माता, धज्जी माता और नुकनाली माता मंदिरों के संरक्षण की मांग भी उठाई। विधायक ने संस्कृति विभाग द्वारा गुरु नानक देव जी के समय से जुड़े ऐतिहासिक श्री चरण कमल साहिब गुरुद्वारा, धन्नी भक्ता कठुआ के विकास योजना को मंजूरी देने पर सराहना की। उन्होंने बताया कि इस गुरुद्वारे के विकास का मुद्दा उन्होंने वर्ष 2018 में भी उठाया था। निदेशक के.के सिधा ने विधायक द्वारा विरासत संरक्षण को लेकर जताई गई चिंता की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया