सोशल मीडिया युग में हिंदी के प्रभावी माध्यम बनने पर जोर

 


हीरानगर, 14 सितंबर (हि.स.)। जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में राष्ट्र भाषा प्रचार समिति जम्मू-कश्मीर के सहयोग से हिंदी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर “सोशल मीडिया के युग में हिंदी भाषा” विषय पर अंतर महाविद्यालय हिंदी भाषण प्रतियोगिता करवाई गई जिसमें चार कॉलेजों के आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में जीएलडीएम डिग्री कॉलेज की पूजा देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जीडीसी सांबा की कंशु देवी और रितिका शर्मा ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया जबकि जीडीसीडब्ल्यू कठुआ की कोमल को सांत्वना पुरस्कार मिला। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने हिंदी को डिजिटल युग में संचार, ज्ञान और अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया। राष्ट्र भाषा प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. भारत भूषण शर्मा ने हिंदी के वर्तमान स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं पर विचार रखते हुए विद्यार्थियों व शिक्षकों से भाषा को मजबूत करने में सामूहिक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश शर्मा सहित कॉलेज के शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया