नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता और पुनर्वास पर जोर

 


कठुआ, 29 सितंबर (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त कठुआ महिमा मदान ने मंगलवार को जिला स्तरीय नारको कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई और पुनर्वास संबंधी उपायों की समीक्षा की।

बैठक में पिछली बैठकों के निर्णयों की प्रगति, जागरूकता अभियानों, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर चर्चा की गई। विभिन्न विभागों एवं उपमंडलों के अधिकारियों ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। एडीसी ने स्वास्थ्य, शिक्षा सहित संबंधित विभागों को स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवर्तन एजेंसियों को संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी और नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नशे से प्रभावित लोगों की पहचान, काउंसलिंग, उपचार, पुनर्वास और फॉलोअप व्यवस्था को भी मजबूत करने पर जोर दिया। एडीसी ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान के लिए प्रवर्तन, जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी और पुनर्वासकृचारों स्तरों पर लगातार प्रयास जरूरी हैं। बैठक में डीसी सेल्स टैक्स जोगिंदर सिंह जसरोटिया, एएसपी सुनील केसर, आरटीओ सुरिंदर पाल शर्मा, सीईओ केवल किशोर, सीएमओ डॉ. विजय रैना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया