जीडीसी बसोहली का शैक्षणिक भ्रमण-सूरिंसर मानसर वन्यजीव अभयारण्य में छात्रों को मिला व्यावहारिक अनुभव

 


कठुआ/बसोहली, 23 अप्रैल (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली ने बीएससी सेमेस्टर-4 (जूलॉजी व जियोग्राफी) के छात्रों के लिए सूरिंसर-मानसर वन्यजीव अभयारण्य का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना रहा।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. राज किरण ने भ्रमण को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और छात्रों को पर्यावरण जागरूकता व अनुभवात्मक सीखने का महत्व समझाया। जूलॉजी विभाग के तहत डॉ. सूर्या प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न पक्षियों, कीटों व अन्य जीवों का अध्ययन किया, वहीं जियोग्राफी विभाग के डॉ. वेरिंदर सिंह के निर्देशन में छात्रों ने क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, झील पारिस्थितिकी व पर्यावरणीय पहलुओं का अध्ययन किया।

इस दौरान अन्य शिक्षक व स्टाफ भी मौजूद रहे। छात्रों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उनकी समझ और व्यावहारिक कौशल में वृद्धि हुई। कॉलेज प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम जारी रखने की बात दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया