दवा गुणवत्ता जांच के लिए ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल का विशेष अभियान, 13 नमूने जांच को भेजे
जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ने बाजार में उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से श्रीनगर, बारामुला और कुपवाड़ा जिलों में विशेष सैंपलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 30 से अधिक मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया और विभिन्न कम-प्रसिद्ध दवा कंपनियों द्वारा निर्मित दवाओं के 13 वैधानिक नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्र कर सरकारी ड्रग टेस्टिंग प्रयोगशालाओं को भेजे गए। निरीक्षण के दौरान रैनावाड़ी स्थित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल के निकट संचालित एम/एस अलीना मेडिकेट में योग्य फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति पाए जाने पर उसकी गतिविधियां एक दिन के लिए निलंबित कर दी गईं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई दवाओं की बिक्री संबंधी निर्धारित नियमों के उल्लंघन के कारण की गई।
विभाग के अनुसार यह अभियान बाजार में उपलब्ध दवाओं की नियमित निगरानी कार्यक्रम का हिस्सा है जिसके तहत विशेष रूप से कम-प्रसिद्ध दवा निर्माताओं के उत्पादों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है। एकत्र किए गए नमूनों की जांच ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 तथा संबंधित नियमों के तहत निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त खालिद जहांगीर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मरीजों तक सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजार निगरानी और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माता, वितरक या विक्रेताओं के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य औषधि नियंत्रक राजेश कुमार ने बताया कि विभाग ने जोखिम आधारित निगरानी तंत्र अपनाया है जिसके तहत नियमित सैंपलिंग, गुणवत्ता परीक्षण और बाजार की सतत निगरानी के माध्यम से दवा आपूर्ति श्रृंखला की विश्वसनीयता बनाए रखने और मरीजों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। विभाग ने दवा निर्माताओं, वितरकों और विक्रेताओं से सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से केवल लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोरों से ही दवाएं खरीदने और दवाओं की गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत की जानकारी ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन को देने का आग्रह किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा