जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में ड्रग तस्कर की 1 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
श्रीनगर, 26 मई(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक ड्रग तस्कर की लगभग 1 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि श्रीनगर पुलिस ने यहां दर्ज नशीले पदार्थों के एक मामले के सिलसिले में एक कुख्यात ड्रग तस्कर की अचल संपत्ति कुर्क की है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई चल रहे 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की निरंतर कार्रवाई का हिस्सा थी।
उन्होंने कहा कि कुर्क की गई संपत्ति दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में बोनपोरा दुपतयार के निवासी आमिर हसन मीर का एक आवासीय घर है। उन्होंने कहा कि संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ रुपये है।
प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 68 (एफ) के तहत की गई।
उन्होंने बताया कि कुर्की की कार्यवाही कार्यकारी मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिजबेहरा की उपस्थिति में की गई।
प्रवक्ता ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना संपत्ति को न तो बेचा जाएगा न हस्तांतरित किया जाएगा और न ही उसका कोई अन्य निपटान किया जाएगा
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता