कठुआ में एक महीने के भीतर पुलिस ने 20 एफआईआर दर्ज कर 23 आरोपियों को किया गिरफ्तार
कठुआ, 11 मई (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और अब किसी भी हाल में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी कठुआ ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान के तहत पिछले एक महीने में कठुआ पुलिस ने 20 एफआईआर दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को तीन बड़े नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया गया जो इस अभियान का एक अहम हिस्सा है। आने वाले समय में ऐसे और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। एसएसपी ने खुलासा किया कि पुलिस तस्करों के खिलाफ डोजियर तैयार कर रही है जिसमें उनकी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन, बैंक खातों और अन्य गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि तस्करों के पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड रद्द किए जाएंगे। वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों पर भी कार्रवाई कर लाभ बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में और भी जगहों पर स्पेशल ड्राइव जल्द चलाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि यह सिर्फ शुरुआत है और कठुआ में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। इस सख्त रुख से साफ है कि अब कठुआ में नशा कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया