जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में ड्रग तस्कर को किया गिरफ्तार
श्रीनगर, 17 मई(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने रविवार को एक कथित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया और जिले भर में नशीले पदार्थों पर गहन कार्रवाई के तहत उसके कब्जे से 100 ग्राम से अधिक चरस बरामद की। अनंतनाग पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया अनंतनाग पुलिस ने ड्रग तस्करों पर कार्रवाई जारी रखी है। बिजबेहरा के तुलखान क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया गया और मकई की भूसी में छुपाया गया 102 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ एक अलग अभियान भी चल रहा है और जिले के पहलगाम और मट्टन इलाकों में अवैध पोस्त की खेती का पता लगाया गया और उसे नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को अनंतनाग में 20 स्थानों पर एक साथ नार्को घेरा और तलाशी अभियान शुरू किया गया। एक्स पर एक अन्य पोस्ट में पुलिस ने कहा कि के9 ( कुत्ता) दस्तों को तैनात किया गया है। ऑपरेशन में तस्करों, सरगनाओं, फाइनेंसरों और ठिकानों को निशाना बनाया गया है। एनडीपीएस सुराग और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता