ड्रग तस्कर की 1.10 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त
अनंतनाग, 23 नवंबर (हि.स.)। ड्रग तस्करी और उससे होने वाली आय के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में अनंतनाग पुलिस ने शोपियां के मेलहूरा निवासी कुख्यात ड्रग तस्कर गुलाम नबी अल्लाई की लगभग 1.10 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति ज़ब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 और 29 के तहत दर्ज एफआईआर के संबंध में वित्तीय जांच के दौरान बिजबेहरा पुलिस स्टेशन ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त की। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई संपत्ति में एनएच-44 पर स्थित हमजेहपोरा सेमथान, बिजबेहरा में एक दो मंजिला कंक्रीट का व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शामिल है जिसमें पांच दुकानें और पांच कमरे हैं। इसका वर्तमान बाजार मूल्य 1.10 करोड़ है।
आरोपी कई एनडीपीएस मामलों में संलिप्त है। एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में अनंतनाग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता