ड्रग तस्कर की 2.08 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

 

जम्मू, 19 जून (हि.स.)। पुलिस ने शुक्रवार को जम्मू और कश्मीर के सांबा जिले में चल रहे नशामुक्त अभियान के तहत एक ड्रग तस्कर की 2.08 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्रग तस्कर की पहचान नारायण शर्मा उर्फ शुन्ना के रूप में हुई है जो सांबा जिले के विजयपुर का निवासी है। जांच में यह साबित होने के बाद कि ये संपत्तियां अवैध ड्रग तस्करी से प्राप्त धन से अर्जित की गई थीं नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में लगभग 48.50 लाख रुपये का एक मकान, लगभग 10 लाख रुपये की एक कार और लगभग 1.50 करोड़ रुपये की जमीन शामिल है। जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 2.08 करोड़ रुपये आंका गया है।

पुलिस के अनुसार विस्तृत जांच और पूछताछ से प्रथम दृष्टया यह साक्ष्य प्राप्त हुआ कि संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन से अर्जित की गई थीं जिसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत संपत्तियों को जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि शर्मा वर्तमान में जम्मू के कोट भलवाल केंद्रीय जेल में मादक पदार्थों और मनोरोगी पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम (पीआईटीएनडीपीएस) अधिनियम की धाराओं के तहत बंद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता