नशा मुक्त जेके अभियान तेज-कठुआ में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित

 


कठुआ, 29 मई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ जिले में जागरूकता और आउटरीच गतिविधियों को तेज करते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हीरानगर, बिलावर, रामकोट, महानपुर, नगरोटा, गुजरू फिंतर सहित कई क्षेत्रों में सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय निकायों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण समारोह, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान चलाए गए। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर समिति बिलावर सहित विभिन्न संस्थानों ने भी जागरूकता अभियान चलाए, वहीं औद्योगिक इकाइयों और सामुदायिक स्थलों पर शपथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास और निरंतर जागरूकता बेहद जरूरी है। आगामी दिनों में भी इस अभियान के तहत जिले भर में गतिविधियां जारी रहेंगी ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया