नशा मुक्ति जागरूकता पद यात्रा आयोजित, “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” के नारों से गूंजा माहौल, युवाओं को दिया जागरूकता का संदेश

 


जम्मू, 16 मई (हि.स.)। उपराज्यपाल जम्मू-कश्मीर के मार्गदर्शन में चल रहे “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान” के तहत 100 दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट तथा महाराजा हरि सिंह कृषि कॉलेजिएट विद्यालय, नगवानी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल जागरूकता पद यात्रा आयोजित की गई। रैली का आयोजन विद्यालय परिसर से किया गया जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

रैली में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” और “युवा बचाओ–भविष्य बचाओ” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व डीजीपी एस. पी. वैद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को सही दिशा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण देने पर जोर दिया तथा इस प्रकार के अभियानों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि डॉ. वी. एस. सेंथिल कुमार, आईएफएस, चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स, जम्मू ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली और स्वस्थ सोच ही युवा शक्ति की पहचान है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप दत्ता ने कहा कि मीडिया समाज को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है और ऐसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाना समय की जरूरत है। वहीं कार्यक्रम के आयोजक एवं श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रमुख महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

विद्यालय की प्राचार्या सोनिया आनंद ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एसडीएम नॉर्थ दीपक कुमार, एसपी रूरल रविंदर सिंह, डीएसपी दोमाना ताहिर, पूर्व सरपंच वंदना कुमारी, राजदेव सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा