यंग ब्लड एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सतवंत सिंह रिस्सम ने सांसद सत शर्मा को सौंपा ज्ञापन

 

जम्मू,, 03 सितंबर (हि.स.)।

यंग ब्लड एसोसिएशन, जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष डॉ. सतवंत सिंह रिस्सम ने जम्मू संभाग में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन संचालित ब्लड सेंटरों और ब्लड स्टोरेज सेंटरों को आवश्यक सुविधाओं एवं आधुनिक उपकरणों से लैस करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने राज्यसभा सांसद सत शर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।

डॉ. रिस्सम ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि ब्लड सेंटर स्वास्थ्य व्यवस्था का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दुर्घटनाओं, आपातकालीन चिकित्सा, सर्जरी, प्रसूति सेवाओं, ट्रॉमा केयर और अन्य गंभीर चिकित्सा परिस्थितियों में मरीजों की जान बचाने के लिए समय पर सुरक्षित रक्त की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। ऐसे में रक्त केंद्रों में पर्याप्त आधारभूत ढांचे और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

ज्ञापन में विभिन्न ब्लड सेंटरों और ब्लड स्टोरेज सेंटरों के लिए वॉटर फिल्टर एवं आरओ सिस्टम, सेंट्रीफ्यूज मशीन, इनक्यूबेटर मशीन, पोर्टेबल डोनर काउच, ब्लड स्टोरेज रेफ्रिजरेटर, हीमोग्लोबिन जांच के लिए उपकरण तथा ब्लड बैग कैरियर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ब्लड बैग कैरियर की व्यवस्था को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि इससे रक्त के परिवहन के दौरान आवश्यक कोल्ड चेन बनाए रखने में मदद मिलेगी।

डॉ. रिस्सम ने ब्लड स्टोरेज सेंटरों पर विश्वसनीय पावर बैकअप उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ केंद्रों में फिलहाल पर्याप्त बैकअप व्यवस्था नहीं है। बिजली की आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में रक्त को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है जिससे रक्त की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा प्रभावित होने का खतरा रहता है।

उन्होंने कहा कि आवश्यक सुविधाओं की कमी का असर केवल रक्त भंडारण पर ही नहीं बल्कि रक्तदाताओं की सुविधा, रक्त की गुणवत्ता, सुरक्षित स्टोरेज और मरीजों के लिए निर्बाध रक्त उपलब्धता पर भी पड़ता है। इसलिए इन कमियों को जल्द दूर किया जाना जरूरी है।

यंग ब्लड एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जम्मू संभाग के सभी ब्लड सेंटरों और ब्लड स्टोरेज सेंटरों को आवश्यक उपकरण एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है। संगठन का कहना है कि रक्त आधान से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने से रक्तदाताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने में मदद मिलेगी और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

डॉ. रिस्सम ने उम्मीद जताई कि सांसद सत शर्मा इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को संबंधित स्तर पर उठाएंगे और जम्मू संभाग में रक्त भंडारण एवं रक्त आधान व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता