डॉ. सज्जन सिंह यादव संभालेंगे मुख्य सचिव का पद
श्रीनगर, 17 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के नामित मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव बुधवार को अपना पदभार संभाल सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि डॉ. यादव के आज जम्मू-कश्मीर पहुंचने की उम्मीद है और वे बुधवार को आधिकारिक तौर पर मुख्य सचिव का कार्यभार संभालेंगे।
सूत्रों ने बताया कि अटल डुलू के सेवानिवृत्त होने के तुरंत बाद उन्हें पदभार संभालना था। हालांकि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया था कि उन्हें 16 नवंबर तक दिल्ली में ही रहने दिया जाए क्योंकि दिल्ली जल बोर्ड (जिसके वे प्रमुख थे) त्योहारों के दौरान पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के काम में लगा हुआ था।
1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव अपने साथ प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों का दशकों लंबा अनुभव लेकर आ रहे हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, दिल्ली, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग और तवांग जिलों के साथ-साथ दक्षिण दिल्ली में उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) के रूप में भी काम किया है।
केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के दौरान उन्होंने वित्त, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, भारी उद्योग और कॉर्पोरेट मामलों सहित कई प्रमुख मंत्रालयों में काम किया है। उन्होंने अपने करियर का एक बड़ा हिस्सा केंद्रीय वित्त मंत्रालय में बिताया है।
यादव की शैक्षणिक पृष्ठभूमि सार्वजनिक नीति (पब्लिक पॉलिसी) और प्रशासन के क्षेत्र में काफी मजबूत है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए, मिनेसोटा विश्वविद्यालय से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री और लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन से पब्लिक हेल्थ में डॉक्टरेट की डिग्री हासिल की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता