डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा योग पीएम मोदी का दूरदर्शी विजन है
जम्मू,, 21 जून (हि.स.)।
महिला कॉलेज गांधी नगर जम्मू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया और योग के महत्व को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी भाग लिया और योग को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थय के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम की जानकारी दी। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि योग कोई संयोग नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी विजन है, जिसके चलते संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और यह आज पूरी दुनिया में लोगों को जोड़ने का माध्यम बन चुका है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि योग ने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में स्वास्थय, अनुशासन और मानसिक शांति का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि योग के माध्यम से लाखों लोग एक स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ रहे हैं और यह भारत की प्राचीन परंपरा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता