डॉ. जितेंद्र सिंह ने चकड़ा में किया जेएंडके बैंक की ईजी बिजनेस यूनिट का उद्घाटन, कठुआ में शाखाएं बढ़कर 55 हुईं
हीरानगर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कठुआ जिले के हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के चकड़ा गांव में जम्मू-कश्मीर बैंक की ईजी बिजनेस यूनिट का उद्घाटन किया। उनके नेतृत्व और देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक राजीव जसरोटिया, जिला उपायुक्त राजेश शर्मा और जम्मू-कश्मीर बैंक के जम्मू संभागीय प्रमुख अशोक गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और बैंकिंग नेटवर्क की बढ़ती पहुंच का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कठुआ जिले में वर्ष 2014 में जम्मू-कश्मीर बैंक की 31 शाखाएं थीं जिनकी संख्या अब बढ़कर 55 हो गई है। इसके अलावा 11 और शाखाएं खोलने की योजना है जिससे जिले में बैंकिंग सुविधाओं का और विस्तार होगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप राज, भाजपा जिला महासचिव राजेश मेहता, प्रेम नाथ डोगरा, रशपाल वर्मा, गीता भगत, नायब सरपंच नरेश, सुभाष, पूर्व सरपंच राहुल हंस व रवि कुमार, पूर्व बीडीसी करण अत्री, सरदारी लाल, ओडी अत्री और सरपंच तिलक राज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बाद में भाजपा की कठुआ जिला अध्यक्ष उपदेश अंडौत्रा और जिला महासचिव रविंद्र शर्मा सहित अन्य नेताओं ने भी जनदरबार में भाग लिया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को जीरो लाइन तक पहुंचाने, मोबाइल टावर स्थापित करने और व्यक्तिगत बंकरों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे से हीरानगर क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी जबकि अरुण जेटली स्टेडियम का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया