डोडा की बेटियों ने बैडमिंटन में मारी बाजी, अंडर-19 खिताब पर जमाया कब्जा
कठुआ, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंतर-जिला संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-19 लड़कियों के वर्ग में डोडा की टीम चैंपियन बनी। खिताबी मुकाबले में डोडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उधमपुर को 2-1 सेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की जबकि उधमपुर को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में डोडा ने किश्तवाड़ को 2-0 सेट से हराया जबकि उधमपुर ने जम्मू की टीम को 2-0 सेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
समापन अवसर पर जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कठुआ सुनील कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कीं। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेलों में अनुशासन बनाए रखने, निरंतर मेहनत करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल भावना का प्रदर्शन करने का अवसर मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया