जन्मतिथि हेराफेर मामले में कश्मीर के ईओडब्ल्यू ने शोपियां के डिप्टी सीएमओ के कार्यालय और आवास की तलाशी ली
श्रीनगर, 3 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने शनिवार को शोपियां और पुलवामा जिलों में अनुचित सेवा लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से जन्मतिथि में हेरफेर के एक मामले की चल रही जांच के सिलसिले में तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के अनुसार आधिकारिक सेवा अभिलेखों में जन्मतिथि में धोखाधड़ी और हेरफेर से संबंधित प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के तहत ईओडब्ल्यू की टीमों ने शोपियां के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डीसीएमओ) के कार्यालय की तलाशी ली और पुलवामा जिले के थमुना क्षेत्र में स्थित उनके आवास पर भी तलाशी ली। यह अभियान कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अनियमितताओं की सीमा का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की जा रही है।
इस बीच क्राइम ब्रांच ने जनता से आर्थिक अपराधों के प्रति सतर्क रहने और धोखाधड़ी के किसी भी मामले की सूचना कश्मीर के आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को देने का आग्रह किया है। आर्थिक धोखाधड़ी के शिकार लोग ईओडब्ल्यू के आधिकारिक ईमेल पते पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता