हमें पानी की सप्लाई रोकने के लिए मजबूर न करें, कैजुअल वर्कर्स फोरम ने सरकार को दी चेतावनी
श्रीनगर, 11 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर कैजुअल/डेली वेजर्स फोरम (जेकेसीडीएफ) ने शुक्रवार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर पार्क में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से कैजुअल और डेली-वेज वर्कर्स की लंबे समय से लंबित समस्याओं को हल करने की अपील की।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जम्मू कश्मीर कैजुअल/डेली वेजर्स फोरम के अध्यक्ष सज्जाद अहमद पर्रे ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और इसका मकसद सरकार को वर्कर्स की चिंताओं और शिकायतों की याद दिलाना है।
पर्रे ने कहा कि हम सरकार को एक बार फिर याद दिलाना चाहते हैं कि यह एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन है। हम सरकार से कहना चाहते हैं कि हमें पानी की सप्लाई रोकने का कदम उठाने के लिए मजबूर न करे। उन्होंने कहा कि वर्कर्स को कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से दखल देने और उनकी समस्याओं को हल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हम कर्मचारी हैं और हमारा काम लोगों की सेवा करना है। हम सरकार से अपील करते हैं कि हमें पानी की सप्लाई रोकने का आह्वान करने के लिए मजबूर न करे। जिस दिन ऐसा होगा उस दिन यहां पानी की एक बूंद भी नहीं बहेगी। पर्रे ने कहा कि फोरम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीकों से कैजुअल और डेली-वेज वर्कर्स की चिंताओं को उठाना जारी रखेगा और सरकार से आग्रह करेगा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और उनकी शिकायतों को दूर करने के लिए कदम उठाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता