लखनपुर से लोंडी मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाने का डीएम कठुआ का सख्त आदेश
कठुआ, 03 मार्च (हि.स.)। जिला मजिस्ट्रेट कठुआ राजेश शर्मा ने लखनपुर से लोंडी मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हुए अतिक्रमण को लेकर सख्त आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार इस मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी की गई अस्थायी और स्थायी संरचनाएं, रेहड़ियां-फड़ियां, अनधिकृत होर्डिंग्स, मलबा डंपिंग तथा अन्य अवरोध तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि संबंधित सड़क एनएचएआई के अधीन आता है और यह भूमि सार्वजनिक उपयोग, सुचारू यातायात तथा जन सुरक्षा के लिए निर्धारित है। ऐसे में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न केवल यातायात बाधित कर रहा है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर अनधिकृत कब्जा लागू कानूनों का उल्लंघन है।
डीएम ने आदेश में कहा है कि सभी अतिक्रमणकर्ता जिनमें सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले भी शामिल हैं, तत्काल प्रभाव से अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें। निर्धारित समय में आदेश का पालन न करने पर प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें तथा यातायात व्यवस्था और जन सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया