डीएलआरसी बैठक में सीडी अनुपात 60 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य तय

 


कठुआ, 03 मार्च (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय कठुआ में दिसंबर 2025 तिमाही की जिला स्तरीय समीक्षा समिति बैठक आयोजित हुई। बैठक में बैंकों के प्रदर्शन, ऋण प्रवाह और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसीसी, जीएम डीआईसी, आरबीआई के एजीएम एवं एलडीओ, नाबार्ड के डीडीएम सहित विभिन्न बैंकों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात, प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमईजीपी, एनआरएलएम, एनयूएलएम और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण वितरण पर जोर दिया। उन्होंने वर्तमान 53.24 प्रतिशत सीडी अनुपात को चालू वित्त वर्ष के अंत तक 60 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए बैंक-वार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वित्तीय समावेशन पर बल देते हुए प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने को कहा गया। किसानों, युवाओं और कुशल व्यक्तियों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने बैंकों को कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए संदिग्ध और उच्च मूल्य लेनदेन की जानकारी साझा करने तथा केवाईसी मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। डीडीसी ने ऐसे लेनदेन की समेकित मासिक रिपोर्ट जिला प्रशासन और पुलिस को सौंपने को कहा। बैठक में नाबार्ड द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए संभावित ऋण योजना भी प्रस्तुत की गई, जिसमें कृषि, एमएसएमई, सोलर ऊर्जा, फूड प्रोसेसिंग, निर्यात, शिक्षा व आवास सहित प्राथमिकता क्षेत्र के तहत ₹2251.76 करोड़ की ऋण संभावनाएं दर्शाई गईं। बैठक का समापन बैंकों और विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के आह्वान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया