भारतीय सेना ने गुर्जर-बकरवाल समुदाय के साथ विशेष बैठक आयोजित की

 


रामबन, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना ने जिला रामबन के दूरदराज क्षेत्र मोरी में गुर्जर-बकरवाल समुदाय के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास और सहयोग को मजबूत करना तथा नागरिक-सेना संबंधों को और सुदृढ़ बनाना था।

बैठक के दौरान गुर्जर और बकरवाल समुदाय के लोगों को अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सीधे सेना के प्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, आजीविका, दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा की गई।

भारतीय सेना के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी विभिन्न जनकल्याण और आउटरीच कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेना केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है बल्कि स्थानीय समुदाय के सामाजिक और मानवीय विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। बैठक में स्थानीय बुजुर्गों, युवाओं और समुदाय के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए भारतीय सेना द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा