कश्मीर में बाढ़ सुरक्षा व सिंचाई ढांचे को मजबूत करने के निर्देश

 


श्रीनगर, 10 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने सिविल सचिवालय श्रीनगर में उच्च स्तरीय बैठक कर कश्मीर संभाग में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण सेक्टर की समीक्षा की।

बैठक में मंत्री राणा ने झेलम नदी और उसकी सहायक नदियों के संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रहे कार्यों को गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए ताकि मानसून से पहले आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने सिंचाई नहरों की मरम्मत, बंद पड़ी योजनाओं को पुनः चालू करने और किसानों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। वहीं सलाहकार नासिर असलम वानी ने बाढ़ प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक रणनीति, तटबंधों की मजबूती और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं जबकि दूसरे चरण के अंतर्गत 1623.43 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 129 कार्यों पर काम किया जा रहा है जिनमें सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया