दीपावली पर सुरक्षा-बाजारों की जांच और निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति के निर्देश

 


हीरानगर, 27 अक्टूबर(हि.स.)। एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह ने दीपावली के मद्देनजर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और त्योहार के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने संबंधित मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा बाजारों में नियमित निगरानी रखने को कहा उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने, मुनाफाखोरी और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए नायब तहसीलदारों की निगरानी में विशेष जांच दल गठित कर बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति और बिजली विभाग को निर्बाध पेयजल व बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने जबकि नगर समिति हीरानगर और संबंधित खंड विकास अधिकारियों को बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई तथा कचरे का समय पर निस्तारण करने को कहा। अग्निशमन विभाग को दमकल वाहनों और उपकरणों को तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को उप जिला अस्पताल हीरानगर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा दल, एंबुलेंस व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों, पुलिस, खाद्य निरीक्षक और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा ताकि दीपावली शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया