डीआईजी शिव कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

 


उधमपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। डीआईजी उधमपुर-कटरा-रियासी रेंज शिव कुमार आईपीएस ने एसएसपी उधमपुर अमृतपाल सिंह, एएसपी संदीप भट्ट, डीएसपी मुख्यालय परहलाद, सीआरपीएफ कमांडेंट व ट्रैफिक डीएसपी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग और उससे जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

उन्होंने सलूरा, टिकरी, फलाटा, गोल मेला जखैनी, समरोली से लेकर चेनानी टनल तक एनएचडब्ल्यू, लिंक सड़कों, ठहराव केंद्रों और लंगर स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों व अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित चेकिंग व गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने सभी इकाइयों को पीसीआर और जेपीसीआर को अपडेट रखने तथा सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और एसओजी के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही असामाजिक व राष्ट्रविरोधी तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया