रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की डीआईजी ने की समीक्षा, संवेदनशील स्थानों पर गश्त और सीसीटीवी बढ़ाने के निर्देश
सांबा, 24 सितंबर (हि.स.)। डीआईजी जम्मू श्रीधर पाटिल आईपीएस ने जिला सांबा में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे सुरक्षा संबंधी एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित बैंक्वेट हॉल तथा अन्य प्रतिष्ठानों की मैपिंग करने, रेलवे पुलों और अंडरपास में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जीआरपी तथा अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नियमित रूप से एसएमएसी बैठकों के आयोजन तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा। डीआईजी ने संदिग्ध गतिविधियों और ड्रोन देखे जाने से संबंधित सूचनाओं को समय पर साझा करने तथा ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया